PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। सहसपुर ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर (SIR) में कथित फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष तरीके से प्रक्रिया संचालित किए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया में कथित तौर पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है, जिससे आम लोगों के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
ब्लॉक मुख्यालय पर नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में शकरपुर रोड स्थित बेरियर के पास पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रक्रिया में किसी स्तर पर गड़बड़ी हो रही है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुतला दहन के दौरान मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद रही। प्रदर्शन में सुंदर थापा, विनोद चौहान, गुलफाम, शराफत, अकरम सलमानी, कबीर हुसैन, अब्दुल सत्तार, फुरकान मुस्लिम, खुर्शीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता के मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि मतदाताओं से संबंधित प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को तत्काल रोका जाए और सभी शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण किया जाए।

