PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। पछवादून क्षेत्र के विकासनगर कोतवाली अंतर्गत नवाबगढ़ क्षेत्र में बीती रात एक कार के शक्ति नहर में गिरने की आशंका से हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास कार के कुछ पार्ट्स पड़े मिलने के बाद नहर में कार गिरने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही नवाबगढ़ के ग्राम प्रधान शहाना मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना संबंधित पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ तथा जल पुलिस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने नहर में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान शुरू किया। टीमों द्वारा नहर के पानी में लगातार तलाश की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सर्च अभियान के दौरान किसी व्यक्ति अथवा कार का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
घटनास्थल के आसपास कार के कुछ पार्ट्स मिलने से आशंका और गहरा गई है कि कोई वाहन नहर में गिरा हो सकता है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नहर में कोई वाहन गिरा है या नहीं।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और सर्च अभियान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

