PACHWADUN MEDIA.COM
चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) राजीव नयन नौटियाल को पुलिस ने धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण और दहेज मांगने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कैसे हुई पहचान और धोखा:
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 12 जुलाई को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का कहना है कि 2025 में एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए उसकी मुलाकात राजीव नयन नौटियाल से हुई थी। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताया और विश्वास जीतने के लिए तलाक से जुड़े कानूनी आदेश की फर्जी प्रति भी दिखाई। इसके बाद 2 अक्टूबर 2025 को दोनों की सगाई हुई और 10 फरवरी 2026 को देहरादून के डालनवाला क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दोनों ने विवाह कर लिया। सगाई के बाद शादी का भरोसा देकर आरोपी ने कई बार पीड़िता का शारीरिक शोषण भी किया।
विवाह के बाद प्रताड़ना और 50 लाख की मांग:
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद आरोपी ने उसे अपने नथुवावाला स्थित घर पर रखने से इनकार कर दिया और 50 लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी का उसकी पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक हुआ ही नहीं था। इस मामले में जानकारी छिपाने के लिए आरोपी के पिता पर भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी:
कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपों की पुष्टि होने के बाद, बुधवार देर रात पुलिस ने राजीव नयन नौटियाल को विकासनगर के दिनकर विहार स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
चर्चित अधिकारी रहे हैं राजीव नयन:
राजीव नयन नौटियाल वन विभाग के काफी चर्चित अधिकारी रहे हैं, विशेषकर अवैध खनन रोकने के मामलों में। कुछ समय पहले अवैध खनन रोकने के दौरान उनके साथ मारपीट भी हुई थी। हालांकि, कुछ दिन पहले ही सरकार द्वारा उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।

