PACHWADUN MEDIA.COM
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पॉकेट डायरी और 2510 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मई 2026 की रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बेलावाला क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को सट्टा खिला रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजू पुत्र सत्यनारायण निवासी ग्राम बेलावाला, उम्र लगभग 50 वर्ष बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को सट्टा खिलवाता था तथा जीतने वाले व्यक्तियों को भुगतान करने से पहले अपना कमीशन काट लेता था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पॉकेट डायरी और 2510 रुपये नगद बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 150/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

