सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जेल में बंद अभियुक्त से खुला राज; कूड़ा घाटी के खंडहर से बरामद हुआ वाहन।
PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र से हुई वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मामले में जेल में बंद शातिर अभियुक्त का कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) हासिल किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी को बरामद करने में सफलता पाई है।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 17 अप्रैल 2026 को पृथ्वीपुर (विकासनगर) निवासी सागर सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल 2026 को पहाड़ी गली विकासनगर से उनकी नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी (संख्या: UK07FQ 6490) चोरी हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर विकासनगर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 117/2026 धारा – 303(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु कड़े निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के हुलिए की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही, पूर्व में वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे अपराधियों के वर्तमान स्टेटस का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
जेल में बंद आरोपी से ऐसे खुला राज
सघन जांच के दौरान पुलिस टीम को थाना बसंत विहार में एक अन्य वाहन चोरी के मामले (मु0अ0सं0 77/2026 धारा 303(2)/317(2) BNS) में जेल भेजे गए अभियुक्त मनोज वर्मा पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने जेल में बंद अभियुक्त से कड़ाई से पूछताछ की और बयान दर्ज किए, तो उसने 11 अप्रैल को विकासनगर से सागर सिंह की स्कूटी चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद विवेचक द्वारा माननीय न्यायालय से अभियुक्त की पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) की मांग की गई। कोर्ट से 20 मई 2026 को एक दिन का रिमांड मिलने पर पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लिया।
खंडहर से बरामद हुई स्कूटी
पूछताछ के बाद अभियुक्त मनोज वर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने 20 मई को ही कूड़ा घाटी स्थित बद्री राइस मिल के पीछे एक खाली खंडहर से चोरी की गई नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी (UK07FQ 6490) बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को आज पुनः माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अभियुक्त का विवरण: मनोज वर्मा उम्र 40 वर्ष पुत्र जगदीश प्रसाद, निवासी- अदोईवाला, थाना रायपुर, जिला देहरादून।
आपराधिक इतिहास:
मु0अ0सं0 117/2026 धारा 303(2)/317(2) BNS – थाना विकासनगर, देहरादून।
मु0अ0सं0 77/2026 धारा 303(2)/317(2) BNS – थाना बसन्त विहार, देहरादून।
पुलिस टीम उप-निरीक्षक (U.I.) वैभव गुप्ता – चौकी प्रभारी कुल्हाल / विवेचक, कोतवाली विकासनगर। कांस्टेबल 1602 नितिन – कोतवाली विकासनगर, देहरादून शामिल थे ।

