PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए “रेड अलर्ट” को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट और जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यानी 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को भी जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (NDMA) द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। मौसम की इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए “रेड अलर्ट” जारी किया गया है।
सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
आपदा न्यूनीकरण (Disaster Mitigation) और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह अवकाश घोषित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार, जनपद के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय (सरकारी), गैर-शासकीय (अर्ध-सरकारी), निजी (प्राइवेट) स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10.07.2026 को एक दिन का अवकाश रहेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शिक्षण संस्थाओं में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

