PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर –होली का त्यौहार नजदीक आते ही बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्बे के निर्देशों के बाद, विभाग ने मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में आज वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में टीम ने विकासनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया ।

प्रमुख दुकानों पर औचक छापेमारी
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने अपनी टीम के साथ पछवादून के मुख्य बाजार और विकासनगर की प्रसिद्ध दुकानों पर धावा बोला। इस दौरान टीम ने साफ-सफाई का जायजा लिया और स्टॉक में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। टीम ने,गोपाल स्वीट शॉप,अमर स्वीट शॉप,चौहान स्वीट शॉप तथा,प्रकाश डेयरी से सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे ।
निरीक्षण के दौरान टीम ने त्यौहारों पर सबसे ज्यादा खपत होने वाली मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों पर ध्यान केंद्रित किया। टीम ने गुजिया, मावा, कलाकन्द और मिल्क केक के कुल सात नमूने एकत्र किए। इन सभी नमूनों को सील कर राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
”जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।”
— संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी

व्यापारियों में हड़कंप, जारी रहेगी कार्रवाई
अचानक हुई इस छापेमारी से विकासनगर के मिठाई विक्रेताओं और डेयरी संचालकों में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई दुकानदार कार्रवाई के डर से सतर्क नजर आए। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

