PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 13.65 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान 13 जुलाई की शाम देहरादून चाय बागान रोड, उदियाबाग विकासनगर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार संख्या UK07BT-3409 को रोककर तलाशी ली। कार चालक दिलशाद उर्फ शानू (36 वर्ष), निवासी रामपुर कला, थाना सहसपुर के कब्जे से 7.69 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को कार सहित गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इसी दिन देर रात पुलिस ने त्यागी फार्म हाउस के पास चेकिंग के दौरान जावेद (29 वर्ष), निवासी शंकरपुर रामपुर, थाना सहसपुर को 5.96 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्त नशा तस्करी में सक्रिय रहे हैं। दिलशाद के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में दिलशाद ने बताया कि वह स्मैक मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से लाकर बेचता था, जबकि जावेद ने स्वीकार किया कि वह स्थानीय स्तर पर स्मैक खरीदकर उसका कुछ हिस्सा बेचता और कुछ स्वयं इस्तेमाल करता था।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर स्मैक की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

