PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी में अपराधियों के विरुद्ध एसएसपी देहरादून द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेलाकुई पुलिस ने क्षेत्र के एक स्कूल में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से चोरी किए गए बिजली के उपकरण और मशीनें बरामद कर ली गई हैं।
क्या थी घटना?
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 10 अप्रैल को डी.डी. स्कूल (सेलाकुई) के सचिव जितेन्द्र सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 और 9 अप्रैल की दरमियानी रात किसी अज्ञात चोर ने स्कूल परिसर से विद्युत तार, ड्रिल मशीन, लकड़ी कटर और रोटर मशीन जैसे कीमती उपकरण चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मु.अ.सं.-38/26 धारा-305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बाद थानाध्यक्ष सेलाकुई के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय स्तर पर सुरागरसी की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
दिनांक 11 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के माल के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति उसे बेचने की फिराक में थापा गली के पास देखा गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और अभियुक्त विकास भण्डारी (उम्र 35 वर्ष) को एक खेत से गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तारी के समय अभियुक्त के पास से एक कट्टा बरामद हुआ, जिसमें स्कूल से चोरी किया गया निम्नलिखित सामान मौजूद था
ड्रिल मशीन: 02 (DONG CHENG कंपनी),लकड़ी काटने का,कटर: 01 (AKARI कंपनी), गैलेंडर मशीन: 01 (DONG CHENG कंपनी), रौटर मशीन: 01 (ENDICO कंपनी), बिजली के तार,भारी मात्रा में (ट्रांसफार्मर मशीन के)
पुराना अपराधी है विकास भण्डारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विकास भण्डारी पुत्र मायाराम भण्डारी, निवासी पीठ वाली गली (ईदगाह के पास, सेलाकुई) का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस सफल अनावरण में उप-निरीक्षक प्रवेश रावत, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला और कांस्टेबल बृजेश रावत की मुख्य भूमिका रही। एसएसपी देहरादून ने टीम के त्वरित रिस्पॉन्स और बरामदगी की सराहना की है।

