PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर (देहरादून)। ढकरानी स्थित जल विद्युत गृह में हुई लाखों रुपये के स्टेटर कॉयल चोरी मामले में कोतवाली विकासनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना के बाद से लगातार फरार चल रही मुख्य वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिला के कब्जे से चोरी की गई 130 स्टेटर कॉयल बरामद हुई हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
जनवरी में हुई थी चोरी की बड़ी वारदात
मामले के अनुसार, बीते 5 जनवरी 2026 को जल विद्युत गृह ढकरानी (हाईडल कालोनी) के सहायक भण्डारपाल अब्दुल सत्तार ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 4 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने जल विद्युत गृह से भारी मात्रा में स्टेटर कॉयल्स चोरी कर ली हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मु०अ०सं० 07/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला था राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी विकासनगर के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बीते 7 जनवरी 2026 को ही घटना में शामिल 5 आरोपियों (साहिल कुमार, अजहर, शोभा, मंजू और नंदनी) को कैनाल रोड हरीपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया था। उस समय उनके पास से चोरी की 120 स्टेटर कॉयल और घटना में इस्तेमाल टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन बरामद हुआ था।
शक्ति नहर के पास से धरी गई मुख्य अभियुक्ता
पांच साथियों की गिरफ्तारी के बाद से ही चोरी की मुख्य सूत्रधार और कबाड़ बीनने का काम करने वाली महिला आरोपी सुनीता साहनी उर्फ छेत्री (उम्र 26 वर्ष, निवासी शिवनगर बस्ती, सेलाकुई) लगातार फरार चल रही थी। पुलिस टीम और सर्विलांस की मदद से आखिरकार 24 मई 2026 की सुबह करीब 5:20 बजे पुलिस ने उसे भीमावाला शक्ति नहर के किनारे से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई शेष 130 स्टेटर कॉयल बरामद कीं। पुलिस द्वारा महिला आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम
शिशुपाल सिंह राणा (वरिष्ठ उपनिरीक्षक, कोतवाली विकासनगर) चन्द्र शेखर नौटियाल (उपनिरीक्षक), कांस्टेबल: नवीन कोहली, नरेश पन्त, राजेन्द्र बर्थवाल, रितेश, महिला कांस्टेबल: अमरजीत कौर

