PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान बीती रात नशे में धुत दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। विकासनगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर कार सवारों ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति को वाहन से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार चालक घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है ।

क्या है पूरा मामला?
एसएसपी देहरादून के निर्देशानुसार 7 अप्रैल की देर रात विकासनगर पुलिस डाकपत्थर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से आ रही एक काले रंग की संदिग्ध कार (नंबर: HR-87-P-6040) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि उक्त कार धनवंतरी चौक के पास खड़ी है और उसमें सवार युवक वहां हंगामा कर रहे हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कार चालक ने पकड़े जाने के डर से वाहन को तेजी से बैक किया और सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दौरान आरोपियों ने वहां तैनात पुलिसकर्मी और बचाव के लिए आए एक स्थानीय नागरिक को कार से टककर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

बल्लीवाला फ्लाई ओवर के पास हुई दुर्घटना
वारदात के बाद आरोपी मुख्य मार्ग छोड़कर गलियों के रास्ते देहरादून की ओर भागे। पुलिस ने वायरलेस के जरिए पूरे जिले में घेराबंदी कर दी। भागने के प्रयास में आरोपियों की कार बल्लीवाला फ्लाई ओवर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक सहित दो लोगों को पकड़ा, जबकि 3 अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे। बाद में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शराब के नशे में थे सभी आरोपी
पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि कार में सवार सभी पांचों युवक शराब के अत्यधिक नशे में थे। नशे की हालत में ही उन्होंने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने जैसा जानलेवा कदम उठाया। घायलों का उपचार लेहमन अस्पताल और सुभारती अस्पताल में चल रहा है।
दर्ज मुकदमे और गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने कोतवाली विकासनगर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (121(2), 132, 281, 109(1)) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल (20 वर्ष): निवासी टीचर कॉलोनी, डाकपत्थर, आयुष (24 वर्ष): निवासी पहाड़ी गली, विकासनगरअंशुल चौहान (21 वर्ष): निवासी जीवनगढ़/चकराता, प्रियांशु (21 वर्ष): निवासी बामनवाला, कालसी शामिल है
उपचाराधीन चालक: गौरव चौधरी: निवासी नई कॉलोनी, डाकपत्थर (घायल एवं पुलिस निगरानी में)।
पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

