PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर (देहरादून) क्षेत्र में लगातार पैर पसार रहे अवैध नशे के कारोबार, ड्रग तस्करों के बढ़ते नेटवर्क और इसके कारण उत्पन्न हो रहे सामाजिक व कानूनी संकट के खिलाफ ‘केंद्रीय लोक शिकायत एवं जांच परिषद (भारत)’ (CPGIC) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रशीद अहमद ने इस गंभीर समस्या के खिलाफ कोतवाली सहसपुर के प्रभारी निरीक्षक को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर तत्काल और प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
युवाओं और मासूम बच्चों को निगल रहा नशे का कारोबार
सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने वर्तमान स्थिति का गहरा विश्लेषण करते हुए बताया कि सहसपुर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा, स्मैक, नशीली गोलियाँ तथा अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की उपलब्धता चिंताजनक रूप से बढ़ गई है। यह अवैध कारोबार केवल एक अपराध मात्र नहीं रह गया है, बल्कि इसने एक संगठित सामाजिक महामारी का रूप ले लिया है। इसकी चपेट में न केवल स्थानीय युवा आ रहे हैं, बल्कि स्कूल-कॉलेज के छोटे बच्चे और छात्र भी इसका शिकार बन रहे हैं, जो पूरे समाज की संरचना को दीमक की तरह खोखला कर रहा है।
बढ़ते अपराध और ‘क्राइम सिंडिकेट’ पर जताई चिंता
रशीद अहमद ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि नशे के बढ़ते आतंक के कारण क्षेत्र में चोरी, लूटपाट, छिनैती और घरेलू हिंसा की घटनाओं में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोतरी हुई है। यह भारतीय न्याय संहिता (BNS) और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों का सीधा हनन है। क्षेत्र में नशा तस्करों का एक समानांतर अपराध-तंत्र (Crime Syndicate) सक्रिय हो चुका है, जो कानून की पकड़ से बचने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहा है।
संगठन का संकल्प: प्रशासन के साथ मिलकर करेंगे काम
ज्ञापने में संगठन के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अबू तालिब खान के नेतृत्व और दूरदर्शी विजन के अंतर्गत संस्था समाज को भ्रष्टाचार, अन्याय और कुरीतियों से मुक्त कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनका स्पष्ट मत है कि एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे का समूल विनाश अनिवार्य है। ‘केंद्रीय लोक शिकायत एवं जांच परिषद भारत’ केवल समस्याओं को रेखांकित करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके स्थाई समाधान के लिए प्रशासनिक मशीनरी और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने को तैयार है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ड्रग तस्करों के स्थानीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए तुरंत एक विशेष अभियान चलाया जाए ताकि क्षेत्र के भविष्य और युवाओं को इस गर्त में गिरने से बचाया जा सके।

