पछवादून मीडिया संवाददाता,सहसपुर ।
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने शुक्रवार को क्षेत्र में विकास की गति को और तेज करते हुए जहाँ एक ओर नवीन टाइल्स मार्ग का शुभारंभ किया, वहीं दूसरी ओर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया।


सेलाकुई में टाइल्स मार्ग का शुभारंभ
शुक्रवार को नगर पंचायत सेलाकुई के वार्ड संख्या 2 में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए पुष्कर सिंह बिष्ट के घर से चन्दर सिंह बिष्ट के घर तक टाइल्स मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मार्ग का शुभारंभ करते हुए विधायक ने कहा कि इस मार्ग के बनने से स्थानीय निवासियों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
विधायक पुंडीर ने दोहराया कि उनका लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक विकास की किरण पहुँचाना है। उन्होंने कहा, “हम सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रहे हैं।”
रामपुर भाऊवाला में लगा ‘बहुउद्देशीय शिविर’
इसी क्रम में, रामपुर भाऊवाला में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, विकास, समाज कल्याण, विद्युत और जल संस्थान जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने स्वयं ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कई जनसमस्याओं का अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने जटिल समस्याओं के लिए समय सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इन कार्यक्रमों के दौरान विधायक प्रतिनिधि व सभासद अनिल नौटियाल, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्स्वाण, चन्दर बिष्ट, सभासद किरण पवार, सभासद विनोद सिद्धू, मनोज पवार, नरगिस कश्यप, विनोद पाल, शूरवीर सिंह, यशपाल सिंह कैंतूरा, मंडल महामंत्री चौहान, राजीव बिजवान, सत्य प्रकाश रतूड़ी, आशुतोष चौहान, विजय पंवार, तीरथ राणा, दिनेश तिवारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

