पछवादून संवाददाता, देहरादून।
नववर्ष के जश्न को लेकर राजधानी देहरादून में शराब पीकर हुड़दंग मचाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर इस बार प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। देहरादून पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कमर कस ली है और साफ चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों की अब खैर नहीं होगी।
नए साल की पूर्व संध्या और 1 जनवरी को शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, होटल-रेस्टोरेंट, बार, क्लब, पर्यटक स्थलों और हाईवे पर जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग और हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
ब्रैथ एनालाइजर से होगी जांच
पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ब्रैथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच करेगी। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और वाहन सीज करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त फोर्स और बैरियर लगाए जाएंगे
नए साल के जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की जाएगी। सीसीटीवी और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को भी निर्देश
प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे तय समय और नियमों का पालन करें। नशे की हालत में किसी को वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नियमों के उल्लंघन पर संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नए साल का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी प्रकार के हुड़दंग से बचें। नियमों का पालन कर सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का स्वागत करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

