PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार शाम को एक महिला अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ शक्ति नहर में कूद गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (16 मई) शाम करीब 04:30 बजे विकासनगर स्थित शक्ति नहर के पुल नंबर 1 के पास एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी। तीनों को पानी में बहता देख वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत देवदूत बनकर नदी में छलांग लगा दी और सूझबूझ से दोनों बच्चियों को सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। दोनों बच्चियां फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही हैं।
पीड़ित परिवार की पहचान
नहर में डूबी महिला की पहचान किरन चंदेल (उम्र 28 वर्ष) पत्नी धीरज चंदेल के रूप में हुई है। किरन वर्तमान में मंडी चौक, विकासनगर में रह रही थी, जबकि उसका मूल निवास ग्राम जाखन विंम्हार (विकासनगर, देहरादून) है। सुरक्षित बचाई गई बच्चियां, आरवी (उम्र लगभग 3 वर्ष), अज्ञात बच्ची (उम्र लगभग 3 माह) है।
6 साल पहले हुई थी लव मैरिज, पति हैदराबाद में करता है नौकरी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किरन और धीरज का प्रेम विवाह वर्ष 2020 में हुआ था। धीरज वर्तमान में हैदराबाद में नौकरी करता है और बीते 10 मई 2026 को ही छुट्टी पर घर आया था। बताया जा रहा है कि शनिवार को घटना के वक्त पति घर पर मौजूद नहीं था।
पुलिस का बयान:
“महिला (किरन) को तलाशने के लिए पुलिस और SDRF की टीमों द्वारा शक्ति नहर में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।”
खबर लिखे जाने तक महिला का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय लोग महिला की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

