पछवादून मीडिया संवाददाता,देहरादून।
कोतवाली नगर क्षेत्र के दूल्हा बाजार (मच्छी बाजार) के पास स्थित एक गली में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने धारदार हथियार चापड़ से एक युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए दून चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान गुन्नू (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग या कोई अन्य कारण था।
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस सनसनीखेज वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

