PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले में हत्या की दूसरी बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है। पछवादून में बीजेपी नेता की निर्मम हत्या के बाद अब देहरादून की कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में एक युवा वकील की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव है और स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।
घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, मामला पटेलनगर कोतवाली के अंतर्गत शिमला बाईपास स्थित भुड्डी गांव का है। यहाँ के निवासी अब्दुल के 24 वर्षीय पुत्र सोहेल, जो कि पेशे से वकील थे, पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने उनके घर में घुसकर गोली मार दी । गोली लगने से सोहेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शव सड़क पर रख लगाया जाम
देर रात अचानक गोली चलने की आवाज से पूरा भुड्डी गांव दहल उठा। आवाज सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण सोहेल के घर की तरफ दौड़े, जहाँ सोहेल खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े मिले। इस दुस्साहसिक हत्याकांड से गुस्साए ग्रामीणों का सब्र का बांध टूट गया। उग्र ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सोहेल के शव को मुख्य सड़क पर रख दिया और शिमला बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया।
मौके पर तनाव: ग्रामीणों की मांग है कि हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।
24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात से दहली ‘दून’
देहरादून में अपराधियों ने महज 24 घंटे के भीतर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। सोहेल की हत्या से ठीक पहले, पछवादून के सहसपुर कोतवाली अंतर्गत बैरांगीवाला गांव में भी ऐसी ही एक खौफनाक वारदात सामने आई थी। वहाँ भाजपा नेता विनोद कश्यप की हथौड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि अपराधियों ने एक और युवा वकील को अपना निशाना बना डाला।
जांच में जुटी पुलिस
लगातार हो रही इन संगीन वारदातों के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पटेलनगर पुलिस और आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही हमलावरों की धरपकड़ के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परंतु, बैक-टू-बैक हुई इन दो हत्याओं ने स्थानीय जनता की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

