PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्या शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के विस्थापन को लेकर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं के अनुरूप ट्रेंचिंग ग्राउंड को जल्द अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया।
विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने मुख्यमंत्री को बताया कि शीशमबाड़ा स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है। यहां से उठने वाली दुर्गंध, पर्यावरण प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण आसपास के हजारों लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि नगर निगम देहरादून की बोर्ड बैठक में ट्रेंचिंग ग्राउंड को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पहले ही सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों की सहमति के अनुरूप सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दे को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के विस्थापन की प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के संवेदनशील नेतृत्व में ट्रेंचिंग ग्राउंड के विस्थापन का कार्य जल्द साकार होगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और हजारों परिवारों के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत सेलाकुई के सभासद अनिल नौटियाल, सूरवीर सिंह चौहान, रविन्द्र भट्ट, प्रकाश भट्ट, गणेश रतूड़ी, तीरथ गैराला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

