PACHWADUN MEDIA.COM
जनपद देहरादून के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बद्रीपुर गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार (पाठल) से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सहसपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों बाद धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया पाठल भी बरामद कर लिया गया है।
112 कंट्रोल रूम से मिली सूचना, मौके पर मची अफरा-तफरी
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को ‘112 कंट्रोल रूम’ के माध्यम से सूचना मिली कि बद्रीपुर क्षेत्र में कार्तिक नाम के एक युवक ने अपने ही पड़ोसी महेंद्र (पुत्र बहादुर सिंह) पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सहसपुर और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
घायल की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महेंद्र को तुरंत उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल, धर्मावाला भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया। घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए पुलिस की फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज
घायल के भाई गेंदन सिंह की तहरीर के आधार पर सहसपुर कोतवाली में आरोपी कार्तिक (पुत्र रवि) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109/352 के तहत जानलेवा हमले का मुकदमा पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
हाईवे अंडरपास से दबोचा गया आरोपी
कोतवाली पुलिस द्वारा गठित टीम ने क्षेत्र में जगह जगह दबिश दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 17 मई की रात को ही पोंटा-देहरादून हाईवे अंडरपास (मेदनीपुर बद्रीपुर) के पास से 26 वर्षीय आरोपी कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल के पास से ही वारदात में इस्तेमाल किया गया पाठल भी बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा: “3 महीने की नफरत और थूकने का बदला”
पुलिस पूछताछ में आरोपी कार्तिक ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह गांव में गाड़ी चलाने और छोटे-मोटे काम करता है। उसने बताया “महेंद्र मेरे पड़ोस में रहता है और पिछले 3 महीनों से मुझे परेशान कर रहा था। वह अक्सर मुझे देखकर थूकता था और लोगों के बीच मेरे बारे में गलत बातें फैलाता था। 4-5 दिन पहले भी हमारी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी, जिससे मेरे मन में उसके प्रति नफरत भर गई थी और मैंने उसे जान से मारने का प्लान बना लिया।”
किराना स्टोर के सामने किया हमला:
कार्तिक ने आगे बताया कि 17 मई को वह अपनी पीठ के पीछे पाठल छिपाकर गुप्ता किराना स्टोर पर पहुंचा। वहां उसने बीड़ी सुलगाई और महेंद्र के आने का इंतजार करने लगा। जैसे ही महेंद्र पानी की टंकी से पानी भरने आया, कार्तिक ने पीठ से पाठल निकालकर उस पर हमला कर दिया। पहला वार चूकने पर महेंद्र भागा, लेकिन कार्तिक ने पीछा कर उस पर कई वार किए, जिससे महेंद्र सड़क पर गिर गया। लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी वहां से भाग निकला था।

