PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार द्वारा पहले निर्धारित अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 थी, लेकिन उपभोक्ताओं को एक और अवसर प्रदान करते हुए अब ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
तीन तरीकों से कर सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया तीन सरल माध्यमों से पूरी कर सकते हैं—
संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर।
गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से।
संबंधित तेल विपणन कंपनी—इण्डेन, भारत गैस अथवा एचपी गैस—के अधिकृत मोबाइल एप को डाउनलोड कर स्वयं ई-केवाईसी करके।
जिला पूर्ति अधिकारी श्री के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि उन्हें घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
ई-केवाईसी नहीं कराने पर घरेलू गैस आपूर्ति होगी बाधित
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, 23 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित हो जाएगी और उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी। ऐसे में उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई है।

