PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून के सेंट्रल होप टाउन, सेलाकुई स्थित पूरबिया लाइन बस्ती को विद्युत आपूर्ति करने वाले बिजली के पोल में गुरुवार शाम अचानक आग लग गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पूरी बस्ती की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थानीय वार्डवासियों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत वितरण केंद्र सेलाकुई को देकर एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। हालांकि, लोगों का आरोप है कि सूचना देने के कई घंटे बाद भी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की तीव्रता के कारण बिजली की तारें पिघलकर सड़क पर गिर गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
घटना के बाद से पूरबिया लाइन बस्ती सहित आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

