PACHWADUN MEDIA.COM
दून पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में भटक रही 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को बद्रीपुर-मेदनीपुर चौकी धर्मावाला क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला अकेली घूमती हुई मिली। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ और काफी घबराई हुई प्रतीत हो रही थी। चौकी धर्मावाला के चीता पुलिस कर्मियों ने महिला से पूछताछ की, लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उसे चौकी ले जाया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम गीता (58 वर्ष), पत्नी महेश, निवासी बकिया रानी चक, थाना बरारी, जिला कटिहार (बिहार) बताया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में अपने बेटे के साथ रहती थी और बिना किसी को बताए वहां से निकल आई थी। इसके बाद सहसपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला के परिजनों का पता लगाकर उनसे संपर्क किया। गुरुवार, 6 अगस्त को महिला को उसके पुत्र रूदल एवं पुत्री गीता के सुपुर्द कर दिया गया।अपनी मां को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और उत्तराखंड पुलिस तथा सहसपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनके मानवीय कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि दून पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता और मानवता की सेवा के लिए भी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

