निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली न करने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही सत्यापन के निर्देश
PACHWADUN MEDIA.COM
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने शुक्रवार को थाना क्षेत्र में संचालित जनसेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने केंद्रों पर उपलब्ध जनसुविधाओं, ऑनलाइन सेवाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित सेवाएं आमजन को नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी व्यक्ति से निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि नहीं ली जाए तथा प्रत्येक सेवा के लिए नियमानुसार रसीद उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रख-रखाव, सूचना-पट्ट, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने संचालकों को आमजन के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करने की हिदायत दी।
कूटरचित दस्तावेजों पर रहेगी नजर
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालकों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा गया कि किसी भी जनसेवा केंद्र से कूटरचित दस्तावेज तैयार नहीं किए जाने चाहिए। आवेदक द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की भली-भांति तस्दीक करने के बाद ही सत्यापन की कार्रवाई की जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस ने कहा कि जनसेवा केंद्रों के माध्यम से आमजन को मिलने वाली सुविधाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

