PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। जनपद देहरादून में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 18 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून डॉ. आशीष चौहान की ओर से जारी किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून एवं एनडीएमए के National Disaster Alert Portal से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के आधार पर 18 अगस्त की मध्यरात्रि तक जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने संभावित आपदा एवं दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को 18 अगस्त को बंद रखने का निर्णय लिया है।
आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि जिले की सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिला प्रशासन ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए आमजन से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से भारी बारिश, नदी-नालों के आसपास तथा आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन का यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

