PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को 10.67 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस की टीम ने 28 जून की रात करीब 8:55 बजे डाकपत्थर स्थित पीठ ग्राउंड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान विशाल कॉलोनी, जीवनगढ़ निवासी बुरहान (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 10.67 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए स्मैक की तस्करी करता है। उसने स्वीकार किया कि वह कुछ स्मैक खुद इस्तेमाल करता था तथा शेष स्मैक टैक्सी चालकों, मजदूरों और अन्य लोगों को फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्मैक स्थानीय व्यक्ति से खरीदने की बात भी कबूल की है, जिसके आधार पर मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विकासनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, गुंडा अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक संदीप पंवार के नेतृत्व में कांस्टेबल रविन्द्र चौहान एवं कांस्टेबल कपिल जोशी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

