PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी देहरादून के पछवादून क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर चौहड़पुर रेंज की चांदपुर बीट (सहसपुर) में घात लगाकर बैठे एक गुलदार ने लकड़ी लेने गए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है और वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

कैसे घटी घटना?
जानकारी के अनुसार, सहसपुर निवासी इरफान (55 वर्ष), पुत्र सैनी, मंगलवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ लकड़ी लेने के लिए जंगल में गए थे। सभी लोग वैष्णो माता मंदिर के पास स्थित चांदपुर बीट में लकड़ी इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान वहां झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक इरफान पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और भीषण था कि इरफान को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
शव देख दहल गए ग्रामीण
जब काफी देर तक इरफान अपने साथियों को नहीं मिला, तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। अनहोनी की आशंका को देखते हुए साथियों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचना दी। भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर जंगल की ओर दौड़े। वैष्णो माता मंदिर के समीप झाड़ियों में इरफान का क्षत-विक्षत शव पड़ा देख लोगों के होश उड़ गए। गुलदार ने शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था।
वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने के बाद वन विभाग ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए विकासनगर भेज दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक इरफान पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों की भारी भीड़ जमा है। पूरे सहसपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
इस घटना से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए।
गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई: क्षेत्र में पिंजरा लगाकर आदमखोर हो चुके गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
गश्त बढ़ाने की मांग: जंगल से सटे रिहायशी इलाकों और बीट में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए।
”वन विभाग की टीम मौके पर है और स्थिति का जायजा ले रही है। गुलदार को पकड़ने के लिए उच्चाधिकारियों को पिंजरा लगाने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। नियमानुसार उचित मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।”— वनाधिकारी

