PACHWADUN MEDIA.COM
हरबर्टपुर क्षेत्र में रविवार तड़के एक फास्ट फूड ढावे में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते पुलिस, ढाबा स्वामी और स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 2:00 बजे ग्रामीणों ने कोतवाली विकासनगर को सूचना दी कि हरबर्टपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के समीप कश्यप ढावा (फास्ट फूड की दुकान) में आग लग गई है। सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर आग काफी फैल चुकी थी। पुलिस ने ढाबा स्वामी सचिन कश्यप, मीडिया कर्मी सतपाल धानिया तथा स्थानीय निवासी अजय कुमार सहित अन्य लोगों के सहयोग से तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ढावे के अंदर रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ चुका था और उसकी पाइप में आग लगी हुई थी। यदि सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो आसपास के आवासीय भवनों और लोगों को भारी नुकसान हो सकता था। पुलिस कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर निकालकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

