PACHWADUN MEDIA.COM
जनपद देहरादून में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सेलाकुई स्थित डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिकों के आंदोलन की आड़ में पथराव और उपद्रव करने वाले 10 उपद्रवियों को पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सेलाकुई, कोतवाली सहसपुर और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।
डिक्सन फैक्ट्री में हुआ था पथराव
बीते दिनों सेलाकुई की डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिकों द्वारा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने श्रमिकों की आड़ लेकर फैक्ट्री परिसर और मौके पर मौजूद पुलिस बल पर भारी पथराव कर दिया था। इस हिंसक घटना के संबंध में थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दोबारा माहौल बिगाड़ने की थी साजिश
पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक राय और संगठित होकर विभिन्न कंपनियों व मोहल्लों में जा रहे हैं। ये लोग फैक्ट्रियों में काम करने वाले सीधे-साधे श्रमिकों को भड़का रहे थे और जो श्रमिक काम पर जाना चाहते थे, उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने पर उतारू थे। पुलिस के अनुसार, इन लोगों में कुछ ऐसे उपद्रवी भी शामिल थे जो पूर्व में हुई पत्थरबाजी की घटना में सक्रिय थे।
पुलिस का बयान: “ये सभी आरोपी संगठित होकर क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को भंग करने और किसी बड़ी संज्ञेय घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। यदि समय रहते इनकी गिरफ्तारी न की जाती, तो क्षेत्र में दोबारा पत्थरबाजी या कोई अन्य गंभीर अपराध घटित हो सकता था।”
’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत धारा 170 BNSS में कार्रवाई
लोक शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार के संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सभी अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय परगना मजिस्ट्रेट विकासनगर के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं, जो यहाँ श्रमिकों की आड़ में माहौल खराब कर रहे थे । जिनमे,
1. रिजवान पुत्र रफत अली 25 वर्ष ग्राम करणपुर निबाह, थाना फरदान, जिला लखीमपुर खीरी (उ.प्र.)
2. विकास पुत्र लक्ष्मी चंद 28 वर्ष ग्राम सडिया मुग़लपुरा, थाना न्यूरिया हुसैनपुर, जिला पीलीभीत (उ.प्र.)
3. रोहित पुत्र विष्णु दत्त 28 वर्ष 169 भेल, सेक्टर-01, रानीपुर मोड़, हरिद्वार
4. कैफ पुत्र फुरकान 21 वर्ष ग्राम हैदराबाद, थाना सदर कोतवाली, जिला लखीमपुर खीरी (उ.प्र.)
5. फरदीन पुत्र फहीम 20 वर्ष ग्राम गौड़ी मौहल्ला, देशनगर, थाना कोतवाली, जिला पीलीभीत (उ.प्र.)
6. समीर पुत्र सिराज 18 वर्ष ग्राम पूरनपुर, जिला पीलीभीत (उ.प्र.)
7. अभिषेक गुप्ता पुत्र दीपू गुप्ता 21 वर्ष ग्राम अटकोना, थाना रामपुर, जिला लखीमपुर खीरी (उ.प्र.)
8. मोहम्मद कैफ पुत्र अकील 21 वर्ष ग्राम कटरा, जिला शाहजहांपुर (उ.प्र.) [हाल निवासी: सेलाकुई, देहरादून]
9. सुजान पुत्र मोहम्मद उमर 22 वर्ष नगतपुरा, सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर
10. हाशिम पुत्र यासीन 21 वर्ष गाँव लोधीपुर, थाना पूरनपुर, जिला पीलीभीत (उ.प्र.)
पुलिस टीम में शामिल रहे:
इस सफलता को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में थाना सेलाकुई, कोतवाली सहसपुर तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

