PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, चोरी की स्कूटी और चेन स्नैचिंग में लूटी गई चेन बरामद करने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम हरबंसवाला बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक स्कूटी लेकर टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घायल आरोपी से घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आकाश उर्फ तमंचा 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित आरोपी था। इस मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।
चोरी की स्कूटी और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, यह स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने 14 अगस्त को वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है। घटना के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, बरामद हथियार और चोरी की स्कूटी के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के साथ इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

