PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी अत्यंत तीव्र बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी स्कूलों में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अद्यतन पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। बारिश के इस अति तीव्र दौर को देखते हुए क्षेत्र में “ऑरेंज अलर्ट” (Orange Alert) जारी किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। इसी आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
कक्षा 1 से 12 तक पूर्ण अवकाश: जनपद के अंतर्गत आने वाले कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाएं (चाहे वे शासकीय हों, गैर-शासकीय हों या निजी स्कूल) 18.07.2026 को पूरी तरह बंद रहेंगी। आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद: स्कूलों के साथ-साथ जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
सख्त अनुपालन के निर्देश: मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि वे सभी शिक्षण संस्थाओं में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन की अपील:
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्राओं से बचें और नदी-नालों के पास न जाएं।

