PACHWADUN MEDIA.COM
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब तीन वर्षों से वांछित चल रहे एक आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली सहसपुर में 24 फरवरी 2023 को दर्ज मुकदमा संख्या 58/2023 में धारा 429 भारतीय दंड संहिता तथा उत्तराखंड गऊ संतान संरक्षण अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध विवेचना पूरी कर 7 अगस्त 2023 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया था, जबकि तीसरा आरोपी शहवान उर्फ शानू फरार चल रहा था, जिसके कारण उसके विरुद्ध मुकदमा लंबित था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विदेश चला गया था। इसके चलते उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया गया। विदेश से भारत लौटने पर आरोपी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली पर रोका गया, जिसकी सूचना कोतवाली सहसपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और 3 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहवान उर्फ शानू (33 वर्ष), पुत्र सुल्तान, निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास-वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कोतवाली सहसपुर में दर्ज मुकदमा ,वर्ष 2023 में पशु संरक्षण एवं पशु क्रूरता से संबंधित मामले में वांछित।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-उपनिरीक्षक आनन्द पाल सिंह, कांस्टेबल फरमान, कोतवाली सहसपुर

