PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष जॉय बर्सवाल ने झाझरा हाट बाजार के संचालन में करोड़ों रुपये के संभावित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। सेलाकुई में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2019 से 2026 तक झाझरा हाट बाजार का ठेका लगातार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के चालक दुर्गेश कुमार तथा वर्ष 2019 में उनके करीबी भानू पुंडीर के पास रहा, जिससे सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की आशंका पैदा होती है।
जॉय बर्सवाल ने कहा कि झाझरा हाट बाजार का संचालन बहुउद्देशीय सहकारी समिति के माध्यम से किया जाता है, लेकिन वर्ष 2019 से अब तक आय-व्यय, शुल्क वसूली तथा धनराशि के लेन-देन का कोई पारदर्शी रिकॉर्ड अथवा रसीद सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यह तथ्य सही हैं तो यह सार्वजनिक धन के उपयोग और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाट बाजार की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले व्यक्तियों के पास न तो वैध ठेकेदारी लाइसेंस होता है और न ही आवश्यक जीएसटी पंजीकरण, जिससे पूरी निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता और वैधता संदिग्ध प्रतीत होती है।
बर्सवाल ने बताया कि उन्होंने इन कथित अनियमितताओं के संबंध में 3 जून 2026 को उपजिलाधिकारी, विकासनगर को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने मांग की कि वर्ष 2019 से अब तक झाझरा हाट बाजार के सभी ठेकों, निविदा प्रक्रिया, आय-व्यय के अभिलेखों, बैंक लेन-देन तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी जनप्रतिनिधि, अधिकारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
जॉय बर्सवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के धन की कथित लूट और भ्रष्टाचार के मामलों पर चुप नहीं बैठेगी। यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा और इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित पंवार, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर कुंवर सिंह, विधानसभा सहसपुर उपाध्यक्ष अरमान मलिक, छात्र नेता अल्तमस, जिला महासचिव साहिल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

