PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून क्षेत्र में पिछले तीन-चार वर्षों से हरे-भरे जंगलों और बगीचों की कथित कटाई तथा लकड़ी तस्करी को लेकर सहयोग रक्षा सेवा संगठन ने जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है। संगठन के संस्थापक डॉ. दीपक कुमार ने ज्ञापन में क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई और कृषि भूमि को कथित रूप से प्लॉटिंग/कंक्रीट में बदलने के मामलों पर चिंता जताई है।
ज्ञापन के अनुसार, थाना विकासनगर नगर और थाना सहसपुर क्षेत्र में कुछ चुनिंदा भू-माफिया और लकड़ी तस्करों द्वारा हरे-भरे जंगलों एवं आम के बगीचों को काटकर भूमि का स्वरूप बदलने का आरोप लगाया गया है। संगठन का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों में कई जमीनों और लकड़ी तस्करी से जुड़े मामलों में मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई केवल जांच तक सीमित रहने का आरोप है।
ज्ञापन में हाल ही में तहसील विकासनगर क्षेत्र के पांवटा रोड, ढ़करानी के पास पुलिस द्वारा रात में छापेमारी कर आम के बगीचे की कथित अवैध कटाई के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया गया है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में प्रशासन को सूचना दी गई थी।
कटे पेड़ों के स्थान पर पौधरोपण की मांग
संगठन की ओर से बताया गया कि पिछले सप्ताह तहसीलदार विकासनगर और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी। इसमें कथित रूप से तय हुआ कि जिन स्थानों पर हरे-भरे पेड़ काटे गए हैं, वहां प्रत्येक काटे गए पेड़ के स्थान पर 10 पेड़ लगाने का कार्य किया जाएगा।
संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि हरे पेड़ों की कटाई, लकड़ी तस्करी और भूमि के अवैध रूपांतरण से जुड़े मामलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, मुख्य उद्यान अधिकारी तथा एसएसपी देहरादून को भी भेजी गई हैं।

