PACHWADUN MEDIA.COM
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सहसपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शंकरपुर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का महज तीन दिनों के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
क्या थी घटना?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 19 मई 2026 को लकी राव (निदेशक – टीजी जर्मन मेटलक्रेफ्ट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, निवासी: देवदरा मंडला, मध्य प्रदेश) ने कोतवाली सहसपुर में एक लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि शंकरपुर स्थित पटाखा फैक्ट्री और गोशाला के पास स्थित उनकी कार्यशाला से अज्ञात चोरों ने कंपनी की कीमती तारें चोरी कर ली हैं और कुछ तारों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 धारा 305/324(4) बीएनएस (BNS) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, माल समेत दबोचे गए आरोपी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तुरंत मामले के अनावरण के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने ठोस सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आज, 22 मई को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल तीन अभियुक्त चोरी के माल को कट्टों में भरकर बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और डील होने से पहले ही तीनों आरोपियों को माल समेत रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2), 331(4) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
इनाम पुत्र इमरान (उम्र 27 वर्ष), निवासी: होटल बैलून वाली गली, निकट मस्जिद, सेलाकुई, देहरादून।
गुरदीप पुत्र वेदप्रकाश (उम्र 26 वर्ष), निवासी: शिवनगर बस्ती, सेलाकुई, देहरादून (मूल निवासी: फतेहपुर कलां, बेहट, सहारनपुर, उ.प्र.)।
मौ. शौकीन पुत्र मौ. तौफीक (उम्र 29 वर्ष), निवासी: शिव मंदिर वाली गली, निकट बड़ी मस्जिद, सेलाकुई, देहरादून।
बरामद सामान का विवरण:
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से नामी कंपनी (Finolex) की कीमती तारें बरामद की हैं । पीली तार का गुच्छा व जली हुई तार (मार्का: FINOLEX FR FOHS 6.0 SQ MM 1100V) । नीले रंग की तार का गुच्छा (मार्का: FINOLEX PR ROHS 6.0 SQ 1100), लाल रंग की तार का गुच्छा (मार्का: FINOLEX PR ROHS 6.0 SQ mm 1100)
पुराना आपराधिक इतिहास:
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और पूर्व में भी जेल जा चुके हैं:
इनाम: इसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 31/2024) दर्ज है।
शौकीन: इसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना सेलाकुई में आर्म्स एक्ट (Arms Act) के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 54/2023) दर्ज है।
पुलिस टीम
सफलतापूर्वक और त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, अपर उ.नि. अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल त्रेपन सिंह और कांस्टेबल उपेंद्र भंडारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों द्वारा टीम के कार्य की सराहना की गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

