PACHWADUN MEDIA.COM
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सहसपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी (घर का ताला तोड़कर चोरी) की घटना का महज़ कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
रात के अंधेरे में दिया था चोरी को अंजाम
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 26 मई 2026 को शंकरपुर हुकुमतपुर (बालाजी कॉलोनी) निवासी राज सिंह पुत्र पांचा सिंह ने कोतवाली सहसपुर में एक लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0स0- 119/2026 के तहत बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 305/331(4) में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तुरंत इसके खुलासे के निर्देश जारी किए थे।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से दबोचे गए आरोपी
प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले को सुलझाने के लिए ठोस सुरागरसी शुरू की। टीम ने पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों का सत्यापन किया और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।इसी बीच, 30 मई 2026 की रात को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए शंकरपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित एक आम के बाग से तीन संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की गई पूरी ज्वैलरी बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रहमान (24 वर्ष) पुत्र लियाकत, निवासी- महमूद नगर, सहसपुर, देहरादून। फैजान (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नूर हसन, निवासी- बड़ा गोहर, शंकरपुर, सहसपुर, देहरादून।शहबान (20 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नूर हसन, निवासी- बड़ा गोहर, सहसपुर, देहरादून। के रूप मे हुई ।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बी.एन.एस. की धारा 317(2) और 3(5) की वृद्धि की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया गया है।
बरामद सामान का विवरण
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से पीली धातु के आभूषण 01 हार, 01 नथ और 01 मांग टीका, सफेद धातु के आभूषण 17 जोड़ी बिछुए, 02 जोड़ी दस्ताने, 06 जोड़ी पायजेब, 06 जोड़ी पायल, 02 जोड़ी अंगूठी और 03 मंगलसूत्र बरामद किये ।
पुराना आपराधिक इतिहास
पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इन पर पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
रहमान: इसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस (नशा तस्करी) और नकबजनी के 3 मामले सहसपुर थाने में दर्ज हैं।
फैजान: इसके खिलाफ सेलाकुई थाने में एनडीपीएस और चोरी के 2 मामले दर्ज हैं।
शहबान: इसके खिलाफ भी सेलाकुई थाने में आर्म्स एक्ट और चोरी का मामला दर्ज है।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उप-निरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, उप-निरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह, और कांस्टेबल त्रेपन सिंह, बृजपाल सिंह, राजवीर भंडारी, मंजीत कुमार, मुन्ना सिंह तथा एसओजी (ग्रामीण) से कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।

