PACHWADUN MEDIA.COM
जनपद देहरादून की कोतवाली सहसपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी पहले भी गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 21 जून 2026 को रामपुर कलां (चोई बस्ती) के निवासी सुनील कुमार सिंह ने कोतवाली सहसपुर में अपनी मोटरसाइकिल (नंबर UK07FW4767) चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा (मु.अ.सं. 140/2026, धारा 303(2) बी.एन.एस.) दर्ज कर जांच शुरू की। तथा प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर लांघा तिराहा से गिरफ्तारी
गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान 22 जून की रात को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने समीर (उम्र 20 वर्ष) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर लांघा तिराहा रोड से एक और चोरी की मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस, नंबर UK 16 C2576) बरामद हुई। यह दूसरी बाइक गत 23 मई 2026 को चोरी हुई थी, जिसके संबंध में पहले से ही मुकदमा (मु.अ.सं. 114/2026) दर्ज था। पुलिस ने आरोपी को धारा 303(2) और 317(2) बी.एन.एस. के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जल्दी पैसा कमाने की चाहत में उतरा अपराध की दुनिया में
पूछताछ में आरोपी समीर (पुत्र असलम) ने बताया कि वह मूल रूप से ग्राम ईशुपुर खुरकान, थाना कैराना (जिला शामली, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, लेकिन पिछले कई सालों से वह अपनी नानी के घर रामपुर चोई बस्ती में रह रहा था और यहीं उसकी शादी भी हुई थी। वह इलाके में वेल्डिंग और मजदूरी का काम करता था। उसने कबूल किया कि अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने इन चोरियों को अंजाम दिया। वह बाइकों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय समीर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है
पुलिस टीम- उप-निरीक्षक आनंद पाल सिंह, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह, और कांस्टेबल त्रेपन सिंह, ब्रजपाल सिंह, राजवीर भंडारी व विकास त्यागी शामिल रहे।

