PACHWADUN.MEDIA.COM
जनपद देहरादून में अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुल्हाल विद्युत गृह के पास रात्रि चैकिंग के दौरान एक अल्टो कार सवार युवक को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह केवल शौक और दोस्तों के बीच दिखावे (टशन) के लिए हथियार लेकर घूम रहा था।
रूटीन चैकिंग में धरा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी विकासनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विकासनगर द्वारा क्षेत्र में सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात कुल्हाल चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक वैभव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम विद्युत गृह के पास वाहनों की जांच कर रही थी। तभी वहां से गुजर रही एक अल्टो कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार चालक के पास से 1 अवैध देशी तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब पुलिस ने युवक से हथियार से जुड़े वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
पड़ोसी राज्य हिमाचल का रहने वाला है युवक
पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसकी कार को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मोनिश (उम्र 19 वर्ष), पुत्र जब्बार अली, निवासी वार्ड नंबर-04, कुंजा मद्रालियो, थाना पुरुवाला, जनपद सिरमौर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा:
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मोनिश ने कुबूल किया कि वह शौकिया मिजाज का है। अपने दोस्तों और इलाके के लोगों पर धौंस जमाने व दिखावा करने के लिए उसने यह तमंचा अपने पास रखा हुआ था।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज, जांच जारी
विकासनगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 182/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। विकासनगर पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि महज 19 साल के इस युवक को यह अवैध हथियार कहाँ से और किसने सप्लाई किया था। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम-उ.नि. वैभव गुप्ता (चौकी प्रभारी कुल्हाल, कोतवाली विकासनगर) ,कांस्टेबल 1602 नितिन कुमार, कांस्टेबल 1747 मंदीप गिरी, कांस्टेबल 45 रजनीश

