PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) सहसपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय (15 से 17 जुलाई) विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारम्भ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने शिविर का गहनता से निरीक्षण किया और वहां दी जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
शिविर के दौरान विधायक पुण्डीर ने स्त्री रोग, हड्डी रोग, फिजिशियन, ईएनटी (नाक, कान, गला), नेत्र रोग, जनरल सर्जरी, रेडियोलॉजी और एक्स-रे सहित विभिन्न विभागों के केबिनों में जाकर चिकित्सकों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ रखने में स्वास्थ्य विभाग के हर कर्मचारी की भूमिका बेहद सराहनीय और महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा,”स्वास्थ्यकर्मी समाज की अमूल्य धरोहर हैं और लोगों के जीवन की रक्षा करना सबसे बड़ा पुनीत कार्य है।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ मरीजों का इलाज करने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार जनमानस के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का मुख्य संकल्प है कि राज्य के हर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को समय पर बेहतर इलाज और मुफ्त जांच की सुविधा मिले, जिसके लिए ऐसे विशेषज्ञ शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर डॉ. प्रदीप राणा (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून), डॉ. मोहन सिंह सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

