PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के अभियान के तहत, दून पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना सेलाकुई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
क्या थी घटना?
बीती 12 अप्रैल 2026 को मोहम्मद साकिब (निवासी जमनपुर, सेलाकुई) ने थाना सेलाकुई में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल की रात उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (संख्या: UK07AA7390) अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में 12 अप्रैल को धूलकोट तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने सलमान (28 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी के पास से वही मोटरसाइकिल बरामद हुई जो साकिब के घर के बाहर से चोरी हुई थी।
पूछताछ में खुलासा: ‘जल्द अमीर बनने का लालच’
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त सलमान ने बताया कि वह मजदूरी और ड्राइवरी का काम करता है। अपनी जरूरतों को पूरा करने और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में उसने चोरी का रास्ता चुना। वह बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण सफल नहीं हो सका।
शातिर अपराधी है सलमान
पुलिस जांच में सामने आया है कि सलमान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी सेलाकुई और क्लेमनटाउन थाना क्षेत्रों में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। ताजा मामले में उस पर धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे- उ0नि0 प्रवेश रावत, हे0का0 नीरज शुक्ला, का0 बृजेश रावत

