PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। सावन के पावन माह में शिवरात्रि के महापर्व पर पछवादून क्षेत्र के शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे। प्रातःकाल से ही भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का मंदिरों में तांता लगा रहा। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
कांवड़ियों के जत्थों के क्षेत्र में पहुंचने से पछवादून पूरी तरह शिवमय नजर आया। जगह-जगह डीजे की धुनों पर शिव भजनों और धार्मिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही। शिव भजनों पर कांवड़िये जमकर थिरकते नजर आए। उनके जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मान्यता है कि सावन के दौरान हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पछवादून के विभिन्न शिवालयों में पहुंचे।
प्राचीन श्री शिव मंदिर में हुआ जलाभिषेक
सहसपुर स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर में आचार्य अरविंद कपिल द्वारा विधि-विधान के साथ शिव भक्तों का जलाभिषेक करवाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
चोरखाला के वैष्णो माता मंदिर में लगी कतार
वहीं चोरखाला स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव और माता रानी का आशीर्वाद लिया।
ढाकी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
क्षेत्र के प्राचीन ढकी मंदिर में भी शिवरात्रि के अवसर पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
सावन शिवरात्रि के मौके पर पछवादून के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति देखते ही बन रही थी। कांवड़ियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

