PACHWADUN MEDIA.COM
असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में देश ने अपने कई वीर जवानों को खो दिया है, जिनमें उत्तराखंड के देहरादून निवासी स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह भी देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देते हुए शहीद हो गए हैं।
घर पर सूचना मिलते ही पसरा सन्नाटा
स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह का परिवार देहरादून के सेलाकुई स्थित राजा रोड की ‘श्री रामपुरम कॉलोनी’ में रहता है। जैसे ही वायुसेना के अधिकारियों द्वारा प्रशांत सिंह के सर्वोच्च बलिदान की सूचना उनके निवास स्थान पर दी गई, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हंसते-खेलते परिवार और आस-पड़ोस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वीर जवान की शहादत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और रिश्तेदार ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचने लगे।
असम के लिए रवाना हुआ स्तब्ध परिवार
हादसे की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। बेटे को खोने के गम में डूबा और पूरी तरह स्तब्ध परिवार आनन-फानन में असम के लिए रवाना हो गया है। कॉलोनी और आसपास के निवासियों का कहना है कि प्रशांत सिंह एक बेहद होनहार, मिलनसार और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सैन्य अधिकारी थे, जिन पर पूरे क्षेत्र को गर्व था।

