PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। जिले में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 14 अगस्त 2026 को जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून की ओर से जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल से प्राप्त मौसम संबंधी सूचना के आधार पर 13 अगस्त 2026 को जिले में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती तौर पर लिया गया है।

