PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर (देहरादून)। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी और कल रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की गंभीर संभावना पैदा हो गई है। इसे देखते हुए सहसपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
गुरुवार को कोतवाली सहसपुर पुलिस की टीम ने आपदा प्रबंधन तैयारियों के तहत नदी और नालों के किनारे झुग्गी-झोपड़ियों व संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को मौके पर जाकर सतर्क किया। खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन लोगों को नदी किनारों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भिजवाया।
आपदा किट के साथ मुस्तैद है पुलिस टीम
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल सहसपुर क्षेत्र में लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। पुलिस की ‘चीता मोबाइल’ टीमें आवश्यक आपदा राहत किट के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त (भ्रमण) कर रही हैं।
लाउडस्पीकर से दी जा रही चेतावनी:
पुलिस द्वारा प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनती नदियों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक नदी-नालों के करीब न जाएं और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या आपदा कंट्रोल रूम को सूचित करें।

