मणिमाई मंदिर के पास हुआ हादसा, पिकअप का टायर निकलने से बिगड़ा संतुलन; दो मृतकों की पहचान बाकी
PACHWADUN MEDIA.COM
डोईवाला, देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में बुधवार को मणिमाई मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इको वैन और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे हुआ। देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही इको वैन में सात लोग सवार थे। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। टायर निकलने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन पिकअप से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है।
दो मृतकों की पहचान, दो की शिनाख्त बाकी- पुलिस के अनुसार मृतकों में नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक (हरियाणा) तथा विनोद, निवासी रोहतक (हरियाणा) शामिल हैं। हादसे में मृत दो अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
तीन घायलों का अस्पताल में उपचार- हादसे में घायल हुए तीन लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा तथा विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। तीसरे घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि हादसा अचानक होने के कारण कुछ घायलों की स्थिति गंभीर थी और वे बेहोशी की हालत में थे। इसके चलते मृतकों एवं घायलों की पूरी पहचान तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा सभी की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पिकअप के टायर निकलने के कारणों की भी जांच कर रही है।

