PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। नवरात्र का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। शुक्रवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पछवादून के विकासनगर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
टीम ने विकासनगर स्थित मैसर्स अनुभव ट्रेडर्स से कुट्टू के आटे, सिंघाड़े के आटे और सेंधा नमक के नमूने लिए। इसके बाद कैनाल रोड स्थित मैसर्स जेएम ट्रेडर्स से सोनपापड़ी का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। टीम ने स्मार्ट प्वाइंट का भी निरीक्षण किया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि पुराने खाद्य उत्पादों, विशेषकर कुट्टू के आटे की बिक्री न की जाए। उन्होंने ब्रांडेड कंपनियों का आटा ही बिल के साथ बेचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

