PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। रायवाला क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है।
जांच में सामने आया कि मृतका की बेटी अपनी मां और भाई द्वारा पुश्तैनी जमीन बेचने तथा उसे संपत्ति में हिस्सा नहीं देने से नाराज थी। आरोप है कि उसने अपनी मां को रास्ते से हटाकर पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा हासिल करने की योजना बनाई और इसके लिए अपने प्रेमी को भी साजिश में शामिल किया।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता ने अपने प्रेमी को गुमराह करने के लिए मृतका को अपनी सौतेली मां बताया था। उसने प्रेमी को भरोसा दिलाया था कि हत्या के बाद उसके हिस्से में आने वाली जमीन बेचकर दोनों साथ गृहस्थी बसाएंगे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्ता का पहले पति से तलाक हो चुका था। दूसरी शादी के बाद किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध को लेकर मृतका और उसकी बेटी के बीच कई बार विवाद हुआ था। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

