PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड पर शुक्रवार देर रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कार आईटी पार्क की ओर से सहस्त्रधारा की तरफ जा रही थी। गुजराड़ा मानसिंह क्षेत्र में प्रेरणा स्टोर के पास पहुंचते ही कार से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने तत्काल कार रोक दी।
चालक आरपी नाथ, निवासी नेचर एन्क्लेव, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून, बोनट देखने के लिए जैसे ही कार से नीचे उतरे, अचानक कार में आग लग गई। इसके बाद कार में सवार दो अन्य लोग भी सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका

