PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। 33/11 केवी उपसंस्थान सहसपुर की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए ग्राम खुशहालपुर क्षेत्र में पांच लोगों के परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी। विभाग के अनुसार आरोपियों द्वारा मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सहसपुर थाने में तहरीर दी गई है।
विभागीय पत्र के अनुसार 25 सितंबर 2026 को अवर अभियंता केशर सिंह चौहान के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने चेकिंग की। टीम में सहायक अभियंता विजिलेंस विकास कुमार, सहायक अभियंता विजिलेंस अनिल सिंह, अवर अभियंता विजिलेंस अनिता काला तथा उपनिरीक्षक विजिलेंस संदीप त्यागी शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान खुशहालपुर निवासी इकराम, हनी, मुकर्रम, वसीम और इमरान के परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने मौके से विभिन्न आकार के केबल भी बरामद किए। चोरी की गई बिजली की मात्रा क्रमशः 0.160 किलोवाट, 0.78 किलोवाट, 0.87 किलोवाट, 2.636 किलोवाट और 0.761 किलोवाट दर्ज की गई।
विभाग ने चेकिंग रिपोर्ट, पुलिस सील बंद सामग्री और सील सर्वे मोहर सहित आवश्यक दस्तावेज थाने में उपलब्ध करवा दिये है।

