सड़क से सटाकर रखे कबाड़ से भरे बोरे और खाली ड्रम, सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखने से बढ़ा दुर्घटना का खतरा
PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। लांघा-छरबा मार्ग पर तिराहे से पहले रेढ़ापुर के समीप तीव्र घुमाव वाले मोड़ पर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार अतिक्रमणकारियों ने कबाड़ से भरे बोरे और खाली ड्रम सड़क से बिल्कुल सटाकर रखे हुए हैं। तीव्र मोड़ होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते।
मोड़ पर सड़क का दृश्य बाधित होने के कारण दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों के आमने-सामने आने की स्थिति में अचानक ब्रेक लगाने या वाहन को नियंत्रित करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में किसी भी समय गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है और इस पर दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे रखे कबाड़ के बोरे और ड्रम को हटाने की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी मार्ग से पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी नियमित रूप से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क के इतने संवेदनशील मोड़ पर किए गए अतिक्रमण पर किसी का ध्यान नहीं गया। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला भी इसी मार्ग से होकर गुजरा था। इसके बाद भी अतिक्रमण का बने रहना संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि तीव्र मोड़ पर सड़क से सटाकर रखे गए कबाड़ के बोरे और खाली ड्रम को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क के इस संवेदनशील स्थान पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतक लगाए जाने की मांग भी की गई है।

