PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राजावाला से भाऊवाला तक करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। इस कार्य पर करीब ₹174.74 लाख की लागत आएगी।
इस अवसर पर विधायक पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मार्ग के सुधारीकरण से राजावाला और भाऊवाला क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजावाला कैलाश चौहान, भाजपा जिला महामंत्री यशपाल नेगी, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरस्वाण, मंडल सोशल मीडिया संयोजक राजेंद्र फरस्वाण सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

